Subject Name : सीसीआरएएस, नई दिल्ली द्वारा राधारमण की छात्रा पल्लवी पाल का शोध प्रस्ताव चयनित
राधारमण आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज की मेधावी छात्रा पल्लवी पाल का शोध प्रस्ताव सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन आयुर्वेद एण्ड सिद्धा, नई दिल्ली (सीसीआरएएस) द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता स्टूडेंटशिप प्रोग्राम फॉर आयुर्वेद रिसर्च केन (SPARK)-4.0 हेतु चयनित किया गया है। यह उपलब्धि महाविद्यालय एवं भोपाल शहर के लिए गौरव का विषय है।
सीसीआरएएस, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत एक प्रमुख अनुसंधान संस्था है, जो आयुर्वेद के क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं प्रमाण आधारित शोध को प्रोत्साहित करती है। देशभर से प्राप्त शोध प्रस्तावों में से पल्लवी पाल का प्रस्ताव विशेषज्ञ समिति द्वारा गहन मूल्यांकन के उपरांत चयनित 100 प्रस्तावों में शामिल किया गया।
प्रतियोगिता में शामिल किए गये शोध प्रस्ताव को पल्लवी ने डॉ. दर्पण गॉंगिल, सह-प्राध्यापक, द्रव्यगुण विभाग के मार्गदर्शन में तैयार किया था। यह शोध वृक्षों एवं पौधों में आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों की प्रभावशीलता एवं व्यावहारिक उपयोगिता को प्रमाणित करने में सहायक सिद्ध होगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र कुमार मिश्रा और उप-प्राचार्य डॉ. प्रमेन्द्र रघुवंशी एवं प्राध्यापकगणों ने पल्लवी पाल को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विगत 2 वर्षों से महाविद्यालय के विद्यार्थी लगातार इस प्रतियोगिता में सफलता अर्जित कर रहे हैं। यह सफलता संस्थान के शोध-उन्मुख वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों व शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर राधारमण ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन संजीव सक्सेना ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, हमारी छात्रा की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान के बेहतरीन शिक्षण माहौल का परिणाम है। राधारमण ग्रुप छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। Posted By : |