: राधारमण में नवागत विद्यार्थियों का परिचय कार्यक्रम संपन्न
भोपाल। राधारमण इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (RITS), भोपाल में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित नवागत विद्यार्थी परिचय कार्यक्रम 2026 संपन्न हुआ। एक सितंबर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, सुविधाओं, अनुशासन, कौशल विकास और करियर अवसरों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि कॉलेज जीवन केवल विषयगत ज्ञान हासिल करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी, अनुशासन, निरंतर सीखने और कौशल विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करने, व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने और उपलब्ध करियर अवसरों का लाभ उठाने के लिए उन्हें शुरुआत से ही लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी गई।
विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वालों में ग्रुप डायरेक्टर डॉ. पी. के. लाहिरी, एमडी डॉ. जितेंद्र सक्सेना, डायरेक्टर डॉ. अजय सिंह, ग्रुप डीन एस. बी. खरे, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. जयपाल बिष्ट तथा ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. रॉबिन सैमुअल शामिल थे। विभिन्न विभागों के एचओडी ने भी विद्यार्थियों को विभागीय सुविधाओं और करियर संभावनाओं से परिचित कराया।
कार्यक्रम के समापन पर 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने श्यामला हिल्स स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (IGRMS), भोपाल का शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण किया। यहां विद्यार्थियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, जनजातीय जीवनशैली और सामाजिक विविधता से जुड़े विभिन्न प्रदर्शनों का अवलोकन किया। इस भ्रमण के जरिए उन्हें कक्षा से बाहर भारतीय संस्कृति और सामाजिक विविधता को करीब से समझने का अवसर मिला।
राधारमण ग्रुप के अध्यक्ष इंजीनियर संजीव सक्सेना ने कहा, कॉलेज में प्रवेश विद्यार्थी के जीवन के एक नए दौर की शुरुआत होती है। हमारा प्रयास है कि शुरुआत से ही उन्हें पढ़ाई के साथ कौशल विकास, अनुशासन और करियर की सही दिशा मिले। तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना ही उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार करेगी।
Posted By :